मध्य प्रदेश, भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उलगुलान-एक क्रांति फीचर फिल्म को डिजिटली रिलीज किया। इसे जनसंपर्क विभाग के पोर्टल पर डिजिटली रिलीज किया गया। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता नितीश भारद्वाज, फिल्म के निर्माता निर्देशक अशोक शरण और आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाडे़ उपस्थित थे।
अशोक शरण ने जनजातीय जीवन पर लगभग 200 लघु फिल्मों का निर्माण किया है। फिल्म भगवान बिरसा मुंडा के कर्म क्षेत्र खूंटी, झारखंड में शूट की गई है। मध्य प्रदेश पहला राज्य है, जहां इसे डिजिटली रिलीज किया गया। फिल्म के लेखक पद्म भूषण एवं पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा हैं।
भारत की जनजातियों के लिए यह सम्मान की बात होगी कि वह इस फिल्म के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को देख और समझ सकेंगे। फिल्म के निर्माता-निर्देशक अशोक शरण ने बताया कि बिरसा मुंडा ने 24-25 दिसंबर 1898 को पहले उलगुलान यानि क्रान्ति की घोषणा की थी।
भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित फीचर फिल्म उलगुलान-एक क्रान्ति 35 एमएम सिनेमा स्कोप डॉल्बी डिजिटल साउंड में बनी है। फिल्म बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकारों को लेकर बनाई गई है।