कर्नाटक, बेंगलुरु : कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार इस दुनिया में नहीं रहे। आज दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। पुनीत राजकुमार की उम्र महज 46 साल थी। उनके निधन की खबर से फिल्म उद्योग सदमे में है। बॉलीवुड से लेकर दक्षिण भारत तक लोग उनकी मौत की खबर पर दुख जता रहे हैं।
पुनीत के निधन की खबर आने के बाद कर्नाटक सरकार ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। पुनीत ने 30 से ज्यादा कन्नड़ फिल्मों में काम किया था। पिछले साल उद्योग के लिए काफी मुश्किलों भरा रहा है। इस साल भी कई झकझोर देने वाली खबरें भी सामने आई हैं।
गौरतलब है कि आज सुबह ही पुनीत राजकुमार को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके तुरंत बाद ही उन्हें बेंगलुरू के अस्पताल में एडमिट करवाया गया। अस्पताल में ही पता चला कि पुनीत राजकुमार को दिल का दौरा पड़ा है। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। फैंस के बीच पुनीत को अप्पू और पावर हाउस के नाम से जाना जाता था।
लोग सोशल मीडिया पर लगातार पुनीत राजकुमार के निधन पर कुछ न कुछ जरूर लिख रहे हैं। एक्टर के निधन के कुछ ही देर बाद कर्नांटक सरकार ने राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इसी के साथ सभी सिनेमाघरों को तुरंत बंद करने के आदेश भी दे दिए गए हैं। ऐसा इसलिए किया गया ताकि उनके फैन्स सड़कों पर न आ जाएं l