महाराष्ट्र, मुंबई : भारतीय सिनेमा जगत की किवदंती अभिनेत्री मीनू मुमताज का 79 वर्ष की उम्र में कनाडा में कुछ निधन हो गया। उनके भाई अनवर अली ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने फिल्म बिरादरी, प्रेस, मीडिया, प्रशंसकों, दोस्तों को मीनू पर प्यार न्यौछावर करने के लिए आभार जताया। वह बॉलीवुड के चर्चित हास्य अभिनेता महमूद की बहन थीं।
26 अप्रैल 1942 में मीनू का जन्म हुआ था। उन्होंने बचपन से ही नृत्य का प्रशिक्षण लिया था। महमूद का पूरा परिवार ही फिल्मों से जुड़ा था ऐसे में मीनू भी फिल्मों में आ गई थीं। उन्हें देविका रानी ने फिल्मों में मौका दिया था। देविका रानी ने मीनू को बॉम्बे टॉकीज में बतौर डांसर रख लिया था।
मीनू ने बॉलीवुड में फिल्म घर घर में दीवाली से कदम रखा था। ये फिल्म साल 1955 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उन्होंने गांव में रहने वाली एक नर्तकी का किरदार निभाया था। हालांकि इस फिल्म से उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली। उन्हें असली पहचान फिल्म सखी हातिम से मिली। इसमें उन्होंने जलपरी का किरदार निभाया था। साल 1958 में आई फिल्म हावड़ा ब्रिज में सगे भाई महमूद के साथ उन्होंने पर्दे पर रोमांस किया था।
पर्दे पर भाई बहन के रोमांस को देखकर दर्शक काफी भड़क गए थे। उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। उनकी जोड़ी सबसे ज्याजा कॉमेडियन जॉनी वॉकर के साथ जमी थी। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। मीनू ने पर्दे पर कॉमेडी की और साथ ही सहायक भूमिका से भी खूब सुर्खियां बटोरी। साल 1963 में उन्होंने निर्देशक सैयद अली अकबर से शादी की थी।
जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो चिकित्सकों ने बताया था कि उन्हें ट्यूमर है, लेकिन उनका ऑपरेशन हुआ तो वो ठीक हो गई थीं। इसके बाद वो कनाडा में रहने लगी थीं, लेकिन आज सुबह ही वह हमेशा हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गई।