महाराष्ट्र, मुंबई: भारतीय सिनेमा की मलिका लता मंगेशकर आज अपना 91वां जन्मदिन मना रही हैं। उनके गाने एक बार कोई सुन ले तो उनका दिल बार-बार उन्हीं गानों को सुनने का करता है। लता मंगेशकर ने हिन्दी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं और अब अपने जन्मदिन के खास मौके पर वो अपने प्रशंसकों के लिए एक खास तोहफा लेकर आईं हैं।
22 साल पहले रिकॉर्ड किया गया लता मंगेशकर का गाना सब ठीक तो है, लेकिन सब ठीक नहीं लगता उनके जन्मदिन के मौके पर रिलीज हो रहा है। दरअसल ये गाना एक फिल्म में फिल्माया जाना था। लेकिन वो फिल्म कभी भी नहीं बनी। इस गाने को फिल्म से पहले ही रिकॉर्ड कर लिया गया था।
गाने के बोल जहां गुलजार ने लिखे थे तो वही इस गाने का संगीत निर्देशक और कम्पोजर विशाल भारद्वाज ने बनाया था। लता की आवाज में गाए गए इस गाने की सबसे बड़ी खासियत ये है कि गाने को ना आज के समय के हिसाब से रीमिक्स किया गया और न ही गाने में बदलाव हुआ। 22 साल बाद रिलीज हो रहे अपने इस गाने पर लता मंगेशकर ने खुशी जताई। उन्होंने कहा संगीत मेरा जीवन है और अब तक मैं गाती आईं हूं।
विशाल भारद्वाज और गुलजार जी ने जो गाने लिखें हैं वो बहुत ही सुरीले और अच्छे हैं। गुलजार जी का कोई जवाब नहीं। विशाल भारद्वाज जी ने उस दौरान जो गाने बनाए वो बहुत अच्छे गीत थे। गुलजार जी की माचिस पिक्चर थी, जिसमें पहला गाना था ए हवा दूसरा था पानी-पानी रे खारे पानी रे। सभी गाने बहुत अच्छे थे, एक गाना माचिस में रह गया ए हवा वहां से निकाला गया, क्योंकि स्थिति अलग थी।





