बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आज पहली पुण्यतिथि है। पिछले साल 14 जून को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनका शव घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। उनकी पहली पुण्यतिथि पर बॉलीवुड और टीवी सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए उन्हें याद कर रहे हैं।
फिलहाल उनकी मौत की जांच देश की तीन बड़ी एजेंसियां कर रही हैं। गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत का जन्म 1986 के 21 जनवरी को हुआ था। राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन धारावाहिकों से की थी ।
उनका पहला शो स्टार प्लस का किस देश में है मेरा दिल (2008) था, उसके बाद जी टीवी के लोकप्रिय शो पवित्र रिश्ता (2009-11) में मुख्य अभिनेता के रूप में नजर आए। इसे ही उनकी पहचान बनी। उन्होंने अपने फिल्मी कैरियर की शुरुआत 2013 में आई फ़िल्म काय पो छे! से की। इसके बाद उन्होंने शुद्ध देसी रोमांस, पीके, डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी में काम किया।
2016 की फ़िल्म एम॰ एस॰ धोनी: द अनटॉल्ड स्टोरी में उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की मुख्य भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें सराहा गया। वे तेजी से उभरते अभिनेता बने और लोकप्रिय भी हुए। उनके जाने का गम आज भी लोगों को सता रहा है। आज उनकी पहली पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर उनके चाहने वाले अपने अपने अंदाज में दिवंगत अभिनेता को याद कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित कर रहे हैं।