असम, गुवाहाटी,: असम में पिछले 24 घंटों में कुल 1528 कोविड-19 पॉजिटिव मामले पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक आज कुल 1,66,846 परीक्षण में से नए मामलों की पुष्टि हुई। सकारात्मकता का यह दर 0.92 प्रतिशत है।
आज कुल मामलों में से कामरूप महानगर की संख्या199 है। उधर घातक वायरस की चपेट में आने से आज 26 लोगों की जान गई है। राज्य में कोविड-19 मरीजों की उबरने की दर 96.41 प्रतिशत है। उधर एक सूत्र ने दावा किया कि कोविड-19 प्रबंधन को लेकर कल नए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी किया जा सकता है।
इस एसओपी में गुवाहाटी में कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी जा सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने यह भी कहा कि केवल गुवाहाटी में ही नहीं बल्कि राज्य भर में कर्फ्यू में ढील की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि महामारी की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। ऐसी संभावना है कि गुवाहाटी में कर्फ्यू शाम 6 बजे से शुरू हो सकता है, वहीं जोरहाट, गोलाघाट, सोनितपुर, लखीमपुर और विश्वनाथ के पांच जिलों में लगाए गए कुल लॉकडाउन में भी ढील दी जा सकती है।
सूत्रों ने बताया कि इन पांच जिलों में दोपहर 12 बजे से कर्फ्यू लगने की संभावना है। हालांकि अंतर जिला परिवहन एक बार फिर बंद होने की संभावना है।