उत्तर प्रदेश, लखनऊ : कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग ने नई दिशा निर्देश जारी की है। अब दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच से गुजरना होगा। वहीं विदेश से आने वाले यात्रियों को आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव होने के बाद भी एक सप्ताह होम क्वारंटीन में रहना होगा।
इसके बाद फिर जांच होगी और रिपोर्ट निगेटिव आती है तभी उसे बाहर निकलने की अनुमति मिलेगी। विभाग विदेश से आने वाले हर यात्रियों के बारे में एयरपोर्ट प्रबंधन के संपर्क में है। जैसे ही कोई यात्री बाहर से आता है, उसे होम क्वारंटीन किया जाएगा। यदि किसी में लक्षण हैं तो उसकी नियमित जांच कराई जाएगी।
इसके अलावा जो अन्य राज्य से बस और ट्रेन से आते हैं तो उनकी भी आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। विभाग का कहना है कि बाहर से आने वालों के संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति की जांच कराई जाएगी। इसके लिए दो मोबाइल टीमें भी बनाई गई हैं। वही तीसरी लहर की आशंका के चलते अस्पतालों में बेड तैयार रखा गया है जिसमें आईसीयू भी शामिल है। ऑक्सीजन व वेंटीलेटर की व्यवस्था का इंतजाम कर लिया गया है।
गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना वायरस के नए वैरिएंट बी.1.1.529 को ओमीक्रोन नाम दिया है। इसे वैरिएंट आफ कंसर्न की श्रेणी में रखा है। इस श्रेणी में अत्यधिक संक्रामक वाले वैरिएंट को रखा जाता है।






