बिहार, पटना : बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या पिछले 24 घंटों के दौरान राहत देनेवाली रही। वहीं एक संक्रमित के मौत की सूचना है। राज्य में छह नये कोरोना पॉजिटिव पाये गये जिसमें पटना जिले में तीन, पूर्वी चंपारण में एक, मुंगेर जिले में एक और समस्तीपुर जिले में एक नये कोरोना संक्रमित पाया गया है।
राज्य में कोरोना के एक्टिव संक्रमितों की संख्या बढ़कर 84 हो गयी है। इधर राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट घटकर अब 98.32 प्रतिशत हो गयी है। पटना में सोमवार को 10,220 लोगों ने कोरोना की वैक्सीन ली है। इसमें 3305 लोगों ने पहला और 6915 लोगों ने दूसरा डोज लिया है। वैक्सीन लेने वालों में इन दिनों दूसरा डोज वाले ज्यादा रह रहे हैं। ज्यादातर वैक्सीनेशन भी अब ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहा है।
शहरी आबादी में लगभग सभी ने वैक्सीन ले ली है। इसके साथ ही जिले में अब तक वैक्सीन की 6548724 डोज लगाया जा चुका है। इसमें 3601037 लोगों ने पहला और 2947687 लोगों ने दूसरा डोज भी ले लिया है। बिहार ने नौ करोड़ कोरोना टीका देने का काम 331 दिनों में पूरा कर लिया। राज्य में अभी तक 5.60 करोड़ पहला डोज, जबकि 3.40 करोड़ दूसरा डोज का टीका दिया गया है। राज्य में कोरोना का टीका 16 जनवरी को आरंभ किया गया था।





