नई दिल्ली : देश में कोरोनावायरस की नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के आठ राज्यों तक फैल चुका है। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में है। राज्य में 17 लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसके बाद राजस्थान में 9 लोग इसकी चपेट में आए हैं। आज ओमिक्रॉन के चार और मरीज पाए गए हैं।
यह मरीज चंडीगढ़, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में मिले। इसके साथ ही देश में अब तक 37 लोग ओमिक्रॉन वैरिेएंट का शिकार हो चुके हैं। पहला आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में मिला। जिस मरीज में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है, वह हाल ही में आयरलैंड से मुंबई होते हुए यहां पहुंचा।
उधर चंडीगढ़ का मरीज इटली से आया है। वहीं कर्नाटक में दक्षिण अफ्रीका से आया 34 वर्षीय शख्स इस वैरिएंट से संक्रमित पाया गया। इसके अलावा नागपुर में 40 साल के व्यक्ति में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है।नागपुर नगर निगम (एनएमसी) के आयुक्त राधाकृष्णन बी ने बताया कि एक स्थानीय निवासी लगभग आठ दिन पहले पश्चिम अफ्रीका के एक देश से आया था। उसके आने पर उसकी कोरोना की जांच पॉजिटिव आई थी।
उसके बाद उसने उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसका नमूना जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया था। आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 15 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि और कितने मरीज नए वैरिएंट का शिकार हुए हैं। राहत की बात ये है कि ओमिक्रॉन से अभी तक किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ओमिक्रॉन भले ही तेजी से फैलने वाला वैरिएंट है, लेकिन डेल्टा की अपेक्षा यह कमजोर है।






