उत्तर प्रदेश, गोरखपुर : उत्तर प्रदेश में पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए आज से पल्स पोलियो अभियान शुरू किया गया। एक हफ्ते तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर जिला अस्पताल से किया है। इस दौरान योगी ने कहा कि राज्य के पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ गोरखपुर की पावन धरती से हो रहा है। ये संक्रामक महामारी जो अस्थाई दिव्यांगता का कारण भी बनती है इसके उन्मूलन के लिए इस अभियान की शुरुआत हो रही है।
पिछले 12 वर्ष के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इसके मामले देखने को मिले हैं। जब तक पूरे विश्व से इस संक्रामक बीमारी का उन्मूलन नहीं हो जाता, तब तक इस सतर्कता के लिए हमें वर्तमान और भावी पीढ़ी को बचाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास करना होगा। कहा कि पांच साल तक की उम्र के कुल 3.40 करोड़ बच्चों को पल्स पोलियो ड्राप पिलाई जाएगी। बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने के लिए 1.10 लाख बूथ बनाए गए हैं।






