नई दिल्ली : देश में कोरोना ने फिर से पांव पसारना शुरू कर दिया है। ये चौथी लहर की आहट भी हो सकती है। कम से कम आंकड़े तो इसी तरफ इशारा कर रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर से सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। गौरतलब है कि दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार पहुंचा। दुनिया के 10 देशों में कोरोना की चौथी लहर ने दस्तक भी दे दी है। इनमें अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, रूस, इटली, फ्रांस, जापान, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रिया शामिल हैं।
अब भारत के आंकड़े भी डरा रहे हैं। पिछले 28 दिनों के अंदर देश में 5,474 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, 40 हजार 866 लोग संक्रमित पाए गए। हालांकि राहत की बात ये भी है कि इन चार हफ्तों में संक्रमण से 58 हजार 158 लोग ठीक भी हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश 29 जिलों में कोरोना बेकाबू है। इन जिलों में सकारात्मकता की दर 5 फीसदी से ज्यादा है। इस बीच बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने पांच राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम के नाम शामिल हैं।
मंत्रालय ने इन राज्यों से सतर्कता बढ़ाने के लिए कहा है। मंत्रालय का कहना है कि इन राज्यों में रोजाना सकारात्मकता दर बढ़ रहा है, यानी हर दिन मिलने वाले नए कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए राज्य सरकारें हालात की गंभीरता से समीक्षा करें और जरूरी होने पर कोविड-19 को लेकर नई दिशा निर्देश भी जारी करें।