महाराष्ट्र मुंबई: भारतीय सिनेमा के पटल पर अभिनय की नई इबारत लिखने वाले ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार आज सुबह 7:30 बजे दुनिया को अलविदा कह गए। 98 वर्षीय दिग्गज अभिनेता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में परेशानी के चलते पिछले महीने ही दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। उन्हें शाम को 5 बजे मुंबई के जुहू कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।
उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उनके निधन की खबर की पुष्टि की गई। उनकी निधन की खबर से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड के अलावा उनके चाहने वाले भी सोशल मीडिया पर अपने-अपने ढंग से इस महान अभिनेता को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उनके निधन के साथ ही हिंदी सिनेमा के एक युग का अंत हो गया। 11 दिसंबर 1922 को ब्रिटिश इंडिया के पेशावर (अब पाकिस्तान में) में जन्मे में दिलीप का असली नाम मोहम्मद युसुफ खान था।
अपनी पढ़ाई उन्होंने नासिक में की थी। 22 साल की उम्र में ही दिलीप कुमार को पहली फिल्म मिल गई थी. 1944 में उन्होंने फिल्म ‘ज्वार भाटा’ में काम किया था। उस वक्त उनकी उम्र महज 22 वर्ष थी। अपने पांच दशक के करियर में उन्होंने 60 के करीब फिल्में की थीं। उनकी प्रसिद्ध फिल्मों में अंदाज़, दिदार, देवदास, मुगले-ए-आज़म, गंगा जमुना आदि शामिल है।
1966 में सायरा बानो से शादी की थी, जो खुद भी एक अभिनेत्री थीं। जब दोनों की शादी हुई तब सायरा बानो, दिलीप से 22 साल छोटी थीं। दिलीप कुमार ने आसमा साहिबा से भी शादी की थी, हालांकि ये शादी सिर्फ 1983 तक चली थी। लेकिन सायरा बानो के साथ दिलीप कुमार का साथ अंतिम सांस तक बना रहा। जीवन की संध्या बेला में सायरा बानो लगातार उनके साथ साए की तरह रही। अस्पताल हो या घर वे लगातार उनकी सेहत की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से उनके चाहने वालों तक पहुंच आती रही।