श्रीलंका की प्रधानमंत्री भारत के दौरे पर
नई दिल्ली : श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या आज तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह अमरसूर्या की पहली भारत यात्रा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के घनिष्ठ तथा मैत्रीपूर्ण संबंध और प्रगाढ़ होंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान अमरसूर्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से चर्चा करेंगी। शीर्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद यह अमरसूर्या की पहली भारत यात्रा है। प्रधानमंत्री अमरासूर्या श्रीलंका में शिक्षा पोर्टफोलियो भी संभालती हैं, इसलिए उनकी यात्रा में शिक्षा और तकनीक पर विशेष ध्यान रहेगा। वह भारत में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली और नीति आयोग का दौरा करेंगी। अमरासूर्या दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज की पूर्व छात्रा भी हैं। इस यात्रा के दौरान वह अपने इस पुराने शिक्षण संस्थान का भी दौरा करेंगी। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा को जारी रखती है। यह साझेदारी भारत की महासागर विजन (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) और पड़ोसी पहले नीति से प्रेरित है। समुद्री सहयोग पर हाल ही में अधिक जोर दिया गया है। इससे पहले सितंबर में भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कोलंबो में अमरासूर्या से मुलाकात की थी, जहां द्विपक्षीय समुद्री सहयोग और रक्षा संबंधों को मज़बूत करने पर व्यापक चर्चा हुई थी।
अब हम करेंगे 2029 के चुनाव की तैयारी : मुकेश सहनी
अब हम करेंगे 2029 के चुनाव की तैयारी : मुकेश सहनी बिहार, पटना : बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार...
Read more






