सिंगापुर : सिंगापुर की एक अदालत ने आज असम के मशहूर गायक जुबिन गर्ग की मृत्यु के मामले में अपना फैसला सुनाया है। स्टेट कोरोनर एडम नाखोदा ने जुबिन गर्ग की मौत को एक दुखद दुर्घटना करार देते हुए किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया। अदालत ने पुलिस कोस्ट गार्ड की जांच को सही ठहराते हुए कहा कि यह मौत दुर्घटनावश डूबने की वजह से हुई थी। यह घटना 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर के लाजर द्वीप के पास हुई थी। जुबिन वहां भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों के 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से एक दिन पहले वह करीब 20 लोगों के साथ एक निजी नौका (यॉट) पर सैर के लिए निकले थे, जहां समूह के लोग तैराकी और अन्य गतिविधियों का आनंद ले रहे थे। जांच रिपोर्ट के अनुसार जुबिन शुरुआत में लाइफ जैकेट पहनकर पानी में उतरे थे, लेकिन दूसरी बार उन्होंने लाइफ जैकेट उतार दी और कप्तान की सलाह के बावजूद उसे दोबारा पहनने से मना कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वह तैरकर वापस नाव की तरफ आ रहे थे, तभी वह अचानक सुस्त पड़ गए। उन्हें तुरंत बचाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण डूबना ही पाया गया।अदालत में पेश की गई टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में सामने आया कि जुबिन के खून में अल्कोहल की मात्रा काफी अधिक थी, जो सिंगापुर में ड्राइविंग के लिए तय कानूनी सीमा से चार गुना ज्यादा है। कोरोनर ने कहा कि शराब के अत्यधिक सेवन की वजह से उनके निर्णय लेने की क्षमता और शारीरिक संतुलन बिगड़ गया होगा। हालांकि उनके मिर्गी के इतिहास पर भी चर्चा हुई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि डूबने से ठीक पहले उन्हें दौरा पड़ा था या नहीं। अदालत ने जुबिन के परिवार द्वारा उठाए गए सवालों और साजिश की आशंकाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि किसी ने भी उन्हें पानी में धक्का नहीं दिया और न ही उनके साथ कोई जोर-जबरदस्ती की गई। अदालत ने कहा कि आयोजकों ने उनके दौरे को यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए थे और इस घटना में किसी भी व्यक्ति की आपराधिक भूमिका नहीं मिली है। हालांकि इस मामले को लेकर भारत में कानूनी कार्यवाही अभी भी जारी है, लेकिन सिंगापुर की अदालत ने अपनी जांच पूरी कर इसे एक हादसा घोषित कर दिया है।
उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम
उत्तराखंड, देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। चिलचिलाती धूप के बीच पहाड़ों में...
Read more






