हरियाणा के मुख्यमंत्री पहुंचे जापान
जापान, टोक्यो : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने जापान की अपनी महत्वपूर्ण यात्रा शुरू कर दी है। आज सुबह जापान पहुंचने पर उन्होंने वहां के विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी हितों और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जापान को हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 में भागीदार देश बनने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे जापानी पक्ष ने सकारात्मक रुचि के साथ स्वीकार किया। इस यात्रा का एक बड़ा फायदा गुरुग्राम को मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री का यह दौरा जापानी कंपनियों, विशेष रूप से ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों जैसे टोयोटा, होंडा और पेनासोनिक जैसी ओईएम (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स) और उनकी आपूर्ति श्रृंखला के भागीदारों के साथ संवाद स्थापित करने पर केंद्रित है। गुरुग्राम में पहले से ही कई जापानी कंपनियों की मजबूत उपस्थिति है, और यह यात्रा इन संबंधों को और गहरा करने का अवसर प्रदान करेगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा हरियाणा के लिए नए निवेश के द्वार खोलेगी। हम जापान के प्रमुख उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और हितधारकों के साथ मुलाकात करेंगे ताकि हरियाणा में निवेश और सहयोग के नए अवसरों का सृजन हो। मुख्यमंत्री सैनी ने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों पक्षों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और हरियाणा-जापान साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
अब हम करेंगे 2029 के चुनाव की तैयारी : मुकेश सहनी
अब हम करेंगे 2029 के चुनाव की तैयारी : मुकेश सहनी बिहार, पटना : बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार...
Read more






