अफगानिस्तान, काबुल : अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में आज एक मस्जिद में विस्फोट की सूचना मिली है। इससे कम से कम 12 लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना के बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। अभी किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इससे पहले भी 15 अक्टूबर को कंधार की इमाम बारगाह मस्जिद में बम धमाके हुआ था।
अफगान मीडिया टोलो न्यूज के मुताबिक धमाके में 32 लोगों से अधिक के मारे गए थे। वहीं 45 लोग घायल हुए थे। यह एक शिया मस्जिद है, जिसमें आज जुम्मे की नमाज के लिए लोग जुटे थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मस्जिद में एक के बाद एक तीन धमाके हुए। इससे पहले बीते शुक्रवार को उत्तरी अफगानिस्तान की एक शिया मस्जिद में धमाके में 100 से ज्यादा की मौत हो गई थी। धमाका ठीक उस वक्त हुआ था, जब सैकड़ों लोग नमाज अदा कर रहे थे।इस्लामिक स्टेट खुरासान ने बम धमाके की जिम्मेदारी ली थी।
आईएस ने आत्मघाती हमलावर की पहचान एक उइगर मुस्लिम के तौर पर की और कहा कि हमले में शियाओं और तालिबान दोनों को निशाना बनाया गया जो चीन से उइगरों की मांगों को पूरा करने में बाधा बन रहे हैं। इस्लामिक स्टेट समूह के आतंकवादियों का अफगानिस्तान के शिया मुस्लिम अल्संख्यकों पर हमला करने का लंबा इतिहास रहा है। जिन लोगों को निशाना बनाया गया, वे हजारा समुदाय से हैं, जो सुन्नी बहुल देश में लंबे समय से भेदभाव का शिकार बनते रहे हैं। यह हमला अमेरिका और नाटो सैनिकों की अगस्त के आखिर में अफगानिस्तान से वापसी और देश पर तालिबान के कब्जे के बाद एक भीषण हमला है।