अमेरिका, वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइ़न और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन 7 दिसंबर को आमने-सामने होंगे। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत होगी। हाल ही में यूक्रेन की सीमा के पास रूस द्वारा बड़े स्तर पर सैन्य जमावड़े के बाद अमेरिका और रूस के बीच तल्खियां फिर से बढ़ने लगी है। ऐसे समय में इस बातचीत को इसलिए भी अहम माना जा रहा है। व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा कि दोनों नेता अमेरिका-रूस संबंधों में रणनीतिक स्थिरता, साइबर और क्षेत्रीय मुद्दों सहित कई विषयों पर चर्चा करेंगे।
अमेरिका के विदेश मंत्रा एंटनी ब्लिंकन ने भी आशंका जताई है कि रूस जल्द ही यूक्रेन पर हमला कर सकता है। ब्लिंकन ने कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।रूस ने साल 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया क्षेत्र पर कब्जा कर के अपने में शामिल कर लिया था। इसके बाद से ही यूरोपियन देशों ने रूस पर बड़े प्रतिबंध लगा दिए थे।
गौर करने वाली बात है कि उस वक्त अमेरिका के वर्तमान राष्ट्रपति बाइडन उपराष्ट्रपति के पद पर थे। इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता जेन साकी ने कहा था कि अगर रूस की तरफ से यूक्रेन के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई हुई तो बाइडन प्रशासन इसमें हस्तक्षेप करेगा। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी शुक्रवार को यूक्रेन पर हमले को लेकर रूसी राष्ट्रपति पुतिन को चेतावनी दी थी।





