फ्रांस, पेरिस : फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के मतदान में इमैनुएल मैक्रों ने जीत हासिल की है। उन्होंने नेशनल रैली पार्टी की नेता मरिन ली पेन को मात दी। मैंक्रों को 58.2 प्रतिशत और ली पेन को 41.8 प्रतिशत वोट मिले। मैक्रों की जीत का अंतर 2017 के मुकाबले काफी कम रहा। गौरतलब है कि मैक्रों फ्रांस के पहले ऐसे मौजूदा राष्ट्रपति हैं जो 20 साल में दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। ये जीत मैक्रों के लिए इसलिए भी खास हैं, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन में सिर्फ 2 चुनाव लड़े और दोनों में ही उन्होंने जीत हासिल की। भारत की तरह ही फ्रांस में भी 18 साल या उससे ज्यादा की उम्र वाले नागरिक वोट डालते हैं।
हालांकि यहां वोटिंग के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) नहीं, बल्कि बैलेट पेपर का इस्तेमाल होता है। उनकी जीत पर विश्व के कई नेताओं ने बधाई दी है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने अपने संदेश में कहा कि हम पांच और वर्षों के लिए फ्रांस पर भरोसा कर सकते हैं। जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने ट्विटर पर मैक्रों के साथ एक तस्वीर साझा की और कहा कि मुझे खुशी है कि हम अपना अच्छा सहयोग जारी रखेंगे।’ब्रिटेन के प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन ने फ्रांस को अपना सबसे करीबी और सबसे महत्वपूर्ण सहयोगियों में से एक बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति के रूप में आपके फिर से चुने जाने पर मैक्रों को बधाई।
फ्रांस हमारे सबसे करीबी और सबसे महत्वपूर्ण सहयोगियों में से एक है। मैं उन मुद्दों पर मिलकर काम करना जारी रखने के लिए तत्पर हूं जो हमारे दोनों देशों और दुनिया के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि हम और फ्रांस में लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर हमारे काम को जारी रखने के लिए तत्पर हैं। स्पेन के प्रधान मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि नागरिकों ने स्वतंत्र, मजबूत और निष्पक्ष यूरोपीय संघ के लिए प्रतिबद्ध फ्रांस को चुना है।