पाकिस्तान, इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सामाजिक कार्यकर्ता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई (24) ने ब्रिटेन में निकाह कर लिया है। मलाला ने असर नाम के एक शख्स के साथ निकाह किया है। मलाला ने सोशल मीडिया पर अपने निकाह की तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें उनके माता-पिता भी दिख रहे हैं।
मलाल ने लिखा- मेरे जीवन का एक अनमोल दिन है। असर और मैं जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने के लिए शादी के बंधन में बंध गए। हमने बर्मिंघम में अपने घर पर अपने परिवार के साथ एक छोटा सा निकाह समारोह किया। हम आगे की यात्रा के लिए एक साथ चलने के लिए उत्साहित हैं। हमें आपकी शुभकामनाओं की जरूरत है।
लड़कियों की पढ़ाई के हक में आवाज उठाने वालीं मलाला पाकिस्तान के स्वात घाटी की रहने वाली हैं। नौ अक्टूबर 2012 को स्कूल बस में जाते हुए तालिबान ने मलाला के सिर में गोली मार दी थी। तब उनकी उम्र सिर्फ 15 साल थी। गंभीर हालत को देखते हुए मलाला को इलाज के लिए ब्रिटेन ले जाया गया। वहां सर्जरी के बाद उसकी जान बच सकी। ब्रिटेन स्थित पाकिस्तानी दूतावास में उनके पिता को नौकरी भी दी गई।
मलाला को 2014 में शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया। उनके साथ बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले भारत के कैलाश सत्यार्थी को भी यह अवॉर्ड मिला था। मलाला यूसुफजई के नाम सबसे कम उम्र में ये अवॉर्ड पाने का रिकॉर्ड है। उस वक्त उनकी उम्र 17 साल थी।