स्वीडेन, स्टाकहोम : इस साल अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिया जाने वाला नोबेल पुरस्कार पॉल आर मिलग्रोम और रॉबर्ट बी विल्सन को दिया गया है। नोबेल पुरस्कार समिति ने इस साल के छठे और अंतिम पुरस्कार विजेताओं का एलान किया। मिलग्रोम और विल्सन को यह पुरस्कार ऑक्शन थ्योरी (नीलामी सिद्धांत) में सुधार और नीलामी के नए तरीकों का आविष्कार करने के लिए दिया गया है।
पॉल आर मिलग्रोम और रॉबर्ट बी विल्सन, दोनों अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं। इन्होंने अध्ययन किया कि नीलामी की प्रक्रिया कैसे काम करती है। उन्होंने ऐसी वस्तुओं और सेवाओं के लिए (जैसे कि रेडियो फ्रीक्वेंसी) नए नीलामी प्रारूपों को तैयार किया, जिन्हें पारंपरिक तरीके से बेचना मुश्किल है।
उनकी खोजों से दुनियाभर के विक्रेता, खरीदार और करदाताओं को लाभ पहुंचा है। इस साल का नोबेल पुरस्कार (चिकित्सा) हार्वी जे ऑल्टर, माइकल ह्यूटन और चार्ल्स एम राइस (फिजिक्स) रोजर पेनरोज, रेनहार्ड गेंजेल और एंड्रिया गेज (केमिस्ट्री) इमैनुएल कारपेंटियर और जेनिफर डूडना (शांति) विश्व खाद्य कार्यक्रम (साहित्य) लुइल ग्लक, (अर्थशास्त्र) पॉल मिलग्रोम और रॉबर्ट विल्सन को मिला है।
स्वीडिश आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की पांचवी पुण्यतिथि से हर साल 10 दिसबंर को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदानों पर नोबेल पुरस्कार वितरित किया जाता है। नोबेल ने विस्फोटक डायनामाइट का अविष्कार किया था। अपने अविष्कार के युद्ध में इस्तेमाल होने की वजह से वह काफी दुखी थे। इसी के प्रायश्चित के रूप में उन्होंने अपनी वसीयत में नोबेल पुरस्कारों की व्यवस्था की थी। उन्होंने अपनी वसीयत में लिखा था कि उनकी संपत्ति का अधिकांश हिस्सा एक फंड में रखा जाए और उसके सालाना ब्याज से मानवजाति के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वालों को पुरस्कृत किया जाए।