रूस, मास्को : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर अब दूसरे देशों पर दबाव बढ़ाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। रूस ने पोलैंड और बुल्गारिया को आज से गैस की आपूर्ति रोकने की घोषणा की है। उसने यह कदम दोनों देशों द्वारा रूबल में व्यापार नहीं करने के फैसले के बाद उठाया है। इसके पहले पश्चिमी देश स्विफ्ट के जरिए रूस से लेन-देन को प्रतिबंधित कर चुके हैं। ऐसे में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों से कहा था कि वह डॉलर और यूरो में पेमेंट करने के बजाय रूबल में कारोबार करें। इस बीच पोलैंड की सरकारी गैस कंपनी पीजीएनआईजी ने कहा है कि उसे रूसी कंपनी गेजप्रोम की ओर से जानकारी दी गई है कि यमल-यूरोप पाइपलाइन के जरिए उसको मिलने वाली गैस की आपूर्ति आज से बंद हो जाएगी। इसी तरह की सूचना बुल्गारिया को भी दी गई है। बुल्गारिया के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि तुर्कस्ट्रीम पाइपलाइन के जरिए बुल्गारिया को रूसी गैस की आपूर्ति बुधवार को बंद हो जाएगी।
यूरोपीय देश, रूस से बड़ी मात्रा में गैस का आयात करते हैं। और करीब 40 फीसदी जरूरतें रूस के जरिए पूरी होती हैं। इसके तहत घरों को गर्म करने, बिजली और ईंधन उद्योग के लिए बड़ी मात्रा में रूसी प्राकृतिक गैस का आयात किया जाता है। दो महीने से ज्यादा समय से चल रहे युद्ध के बावजूद यूरोप के देशों का रूस से आयात जारी है। यूरोपीय देश 60 प्रतिशत आयात राशि का भुगतान यूरो में और शेष डॉलर में करते हैं। भारी आर्थिक प्रतिबंध झेल रहे पुतिन रूबल में लेन-देन कर करंसी को मजबूत करना चाहते हैं। इस बीच यूरोपीय देशों के नेताओं ने कहा है कि वह रूबल के जरिए कारोबार नहीं करेंगे। रूस की शर्त कारोबारी समझौतों का उल्लंघन करती है।