श्रीलंका, कोलंबो : आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कई देश मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इन देश में सबसे अधिक योगदान भारत ने दिया है। भारत, श्रीलंका को अनाज से लेकर दवाइयां तक मुहैया करवा रहा है। वहीं इस मुश्किल घड़ी में दी गई मदद के लिए श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने ट्वीट कर भारत का आभार जताया है। उन्होंने सिलसिलेवार दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मैंने भारत के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बातचीत की और मैंने इस कठिन अवधि के दौरान भारत द्वारा दिए गए समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया।
मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की आशा करता हूं। भारत ने आर्थिक संकट के कारण जरूरी दवाइयों की कमी से जूझ रहे श्रीलंका को 25 टन दवाइयां सौंपीं। इनकी कीमत 26 करोड़ श्रीलंकाई रुपये है। कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी। कार्यवाहक उच्चायुक्त विनोद के जैकब ने श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्री केहेलिया रामबुकवाला को कोलंबो में यह खेप सौंपी। आईएनएस घड़ियाल पर मानवीय मदद के तौर पर श्रीलंकाई मछुआरों के लिए भारत की तरफ से केरोसिन भी लाया गया है।
अन्य सामान जल्द ही लाभार्थियों को वितरित किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले माह भारत ने श्रीलंका के लिए उधारी सीमा 50 करोड़ डॉलर बढ़ा दी थी, क्योंकि द्वीपीय देश के पास तेल आयात करने के लिए विदेशी मुद्रा नहीं थी।