यूक्रेन, कीव : यूक्रेन के मंत्री ने भारत से युद्धग्रस्त उनके देश को ज्यादा से ज्यादा सक्रिय रूप से समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने पश्चिमी देशों से रूसी तेल और गैस के निर्यात पर वास्तविक प्रतिबंध लगाने की भी मांग उठाई। यूक्रेन के संस्कृति और सूचना मंत्री ओलेक्सांद्र त्काचेंको ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस की कार्रवाई कई दशक पहले यूरोप में एडोल्फ हिटलर की तुलना में अलग नहीं है।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का लक्ष्य उनके देश पर पूरी तरह से कब्जा करना और इसकी पहचान को मिटाना है। उन्होंने कहा कि भारत और यूक्रेन लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं। उन्होंने एक मीडिया प्लेटफॉर्म को ऑनलाइन तरीके से संबोधित करते हुए कहा क्योंकि यह (भारत) दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति है, और मेरा मानना है कि एक स्वतंत्र देश में रहने के अधिकार के लिए यूक्रेन के लोग जिन लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ते हैं, वे भारतीय लोगों द्वारा भी साझा किए जाते हैं। उन्होंने कहा मैं बहुत आभारी रहूंगा यदि भारत युद्ध के इस समय में अधिक सक्रिय रूप से यूक्रेन का समर्थन कर सके।