अमेरिका, वाशिंगटन : रूस-यूक्रेन युद्ध के 76वें दिन भी यूक्रेनी शहरों पर रूसी सेना के हमले जारी रहे। व्हाइट हाउस ने कहा रूसी सेना यूक्रेन में युद्ध अपराध कर रही है। इससे आम लोगों को संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को 40 अरब डॉलर की सहायता देने वाले प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर उसे मंजूरी दे दी है। इस मदद को अमेरिका की रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने स्वीकृति दी है। बाइडन ने 33 अरब डॉलर की राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
अमेरिका के इस कदम को नौ मई को विजय दिवस परेड के दौरान रूस द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जर्मनी और फ्रांस ने यूक्रेन में तुरंत युद्धविराम की अपील करते हुए कीव-मॉस्को के बीच शांतिवार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाने की पेशकश की है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर ओलाफ शुल्त्ज ने दोनों देशों में तनाव कम करने के लिए भूमिका निभाने को तैयार रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।