गुवाहाटी। असम में डॉ. हिमंत विश्व शर्मा सरकार में शामिल एकमात्र महिला मंत्री अजंता नेउग को वित्त विभाग आवंटित किया गया है। इसके साथ ही गोलघाट से विधायक नेउग अब राज्य की भी पहली महिला वित्त मंत्री बन गई है।
इसके अलावा वे समाज कल्याण विभाग की भी जिम्मेदारी संभालेगी। गौरतलब है कि 2001 में गोलघाट क्षेत्र से पहली बार विधायक चुनकर आई, अजंता अब तक लगातार पांच बार चुनाव जीत चुकी हैं। वे तरुण गोगोई की सरकार में तीनों कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थी और उन्होंने लोक निर्माण विभाग, शहरी विकास, समाज कल्याण विभाग जैसे विभागों को संभाला।
हालांकि गौहाटी विश्वविद्यालय से कानून में महारत हासिल करने वाले अजंता को वित्त और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में कोई पूर्व अनुभव नहीं है।