असम, गुवाहाटी : असम मिजोरम के सीमा विवाद को लेकर चल रहा खींचतान समय के साथ गहराता जा रहा है। अब मिजोरम की पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री समेत राज्य के छह वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
इनके खिलाफ हत्या का प्रयास और आपराधिक साजिश समेत दूसरी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह प्राथमिकी कोलासिब के वेरेंगटे थाने के इंस्पेक्टर एच ललछाविमाविया ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, आईजी अनुराग अग्रवाल, डीआईजी दिवोज्योति मुखर्जी, कछार के जिला उपायुक्त कीर्ति जल्ली, कछार के पूर्व एसपी वैभव चंद्रकांत निंबालकर, वन अधिकारी सन्नीदेव चौधरी, ढोलाई थाने के प्रभारी सहाबुद्दीन और असम पुलिस के 200 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुख्यमंत्री समेत सभी को 1 अगस्त को पुलिस स्टेशन में हाजिर होने को कहा गया है।इससे पहले असम पुलिस भी मिजोरम के छह अधिकारियों को समन भेज चुकी है। इन सभी से 2 अगस्त को ढोलाई पुलिस स्टेशन में हाजिर होने को कहा है।
- मिजोरम पुलिस ने 26 जुलाई को असम के अधिकारियों की टीम पर फायरिंग कर दी थी, जिसमे असम के पांच पुलिसकर्मियों और एक नागरिक की जान चली गई थी। एसपी समेत 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस झड़प के बाद दोनों राज्यों की सीमा पर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।