आतंकी साजिश विफल
जम्मू-कश्मीर, सांबा : जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान की एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल कर दिया है। जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास एक अग्रिम क्षेत्र से पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए गिराई गई हथियारों की खेप बरामद की गई है। अधिकारियों ने बताया कि दो पिस्तौल, तीन मैगजीन, 16 कारतूस और एक ग्रेनेड सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को बाधित करने के आतंकवादियों के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की एक संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात घगवाल क्षेत्र के पलोरा गांव में तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार तलाशी दल को एक नाले के किनारे पीले रंग की टेप में लिपटा एक पैकेट मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते की मदद से खोला गया। उन्होंने बताया कि पैकेट से हथियार बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम सूचना मिलने तक तलाश अभियान जारी था। यह बरामदगी ऐसे समय में हुई है जब पूरे केंद्र शासित प्रदेश में 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) समारोह की तैयारियां चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी इस राष्ट्रीय पर्व में खलल डालने की फिराक में हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी भी घुसपैठ या हमले के प्रयास को पूरी तरह विफल किया जा सके।
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालय शीतकालीन अवकाश के...
Read more





