भारी हिमपात होने की संभावना
हिमाचल प्रदेश, शिमला : हिमाचल प्रदेश में रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में हल्का हिमपात हुआ। अभी यहां पर दो इंच तक हिमपात हुआ, लेकिन भारी हिमपात होने की संभावना है। वहीं, प्रदेशभर में कई स्थानों पर बादल छाए रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। पर्यटकों सहित किसान व बागवान हिमपात और वर्षा का इंतजार कर रहे हैं। ऊंची चोटियों व दारचा घाटी सहित मयाड़ व कोकसर घाटी में भी हिमपात हुआ। मनाली घाटी में बादल छाए रहे। लाहुल स्पीति सहित मनाली में हिमपात की उम्मीद बढ़ गई है। प्रदेशभर में इस बार लगभग तीन महीने से वर्षा नहीं हुई है। जनवरी का आधा महीना बीतने के बावजूद शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इस सीजन का पहला हिमपात तक नहीं हो पाया है। शिमला का वीरवार रात न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक है। वीरवार को शिमला की रात प्रदेश में सबसे अधिक गर्म रही। मौसम विभाग ने 22 जनवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई है। 20 और 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के ज्यादा प्रभावी रहने का अनुमान है, जिससे प्रदेशभर में वर्षा व हिमपात की अधिक संभावना है। इस दौरान शिमला व मनाली में भी सीजन का पहला हिमपात हो सकता है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
https://the-radar.in/about-us/






