उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
नई दिल्ली : उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का गहरा प्रभाव देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस पूरे क्षेत्र में सर्दियों का सितम चरम पर है, जिससे सामान्य जनजीवन और यातायात काफी प्रभावित हुआ है। दिल्ली और एनसीआर में आज सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में स्थिति अधिक गंभीर है, यहां कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है और अगले 2-3 दिनों तक शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के उत्तरी भागों, विशेषकर चूरू और बीकानेर में पारा काफी नीचे गिर गया है और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश में पश्चिमी से लेकर पूर्वी हिस्सों तक कोहरे की घनी चादर छाई हुई है। लखनऊ और कानपुर जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। विभाग ने यहाँ अगले 48 घंटों के लिए बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बिहार में भी कड़ाके की ठंड जारी है और पटना सहित कई जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी कम है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठिठुरन बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान -4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में पारा-8 डिग्री सेल्सियस से -6 डिग्री सेल्सियस बीच है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ मैदानी इलाकों में पाला गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जो फसलों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। घने कोहरे के कारण उत्तर भारत की कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
ध्वज स्तंभ घोटाले के जांच के आदेश
केरल, कोच्चि : केरल उच्च न्यायालय ने सबरीमाला मंदिर में सामने आए नए ध्वज स्तंभ परियोजना में सोने और धन...
Read more






