मिजोरम, आइजोल ; मिजोरम में आगामी 21 अप्रैल को होने वाले आइजोल नगर निगम (एएमसी) चुनाव के लिए कुल 68 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 28 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। राज्य चुनाव आयुक्त लालहमिंगलियाना ट्लाऊ के अनुसार, नामांकन वापस लेने के अंतिम दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया, जिससे अब चुनावी मुकाबला पूरी तरह तय हो गया है। इस बार के नगर निकाय चुनाव में 19 सीटों के लिए सत्तारूढ़ जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम), मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवारों के साथ-साथ 19 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चुनावों के लिए मतदान 21 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 27 अप्रैल को की जाएगी। इस बार कुल 2.37 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें महिलाओं की संख्या लगभग 1.28 लाख है। नगर निगम के कुल 19 वार्डों में से 6 वार्ड महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। गौरतलब है कि फरवरी 2021 में हुए पिछले एएमसी चुनावों में एमएनएफ ने 11 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया था, जबकि जेडपीएम को सात और कांग्रेस को केवल एक सीट पर जीत मिली थी। इस बार का मुकाबला बहुकोणीय होने की उम्मीद है जिसमें सभी प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम
उत्तराखंड, देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। चिलचिलाती धूप के बीच पहाड़ों में...
Read more






