ऑस्ट्रिया, बर्लिन : ऑस्ट्रिया के चांसलर एलेक्जेंडर शालेनबर्ग ने कहा कि कोरोना वायरस की चौथी लहर पर काबू पाने के लिए देश में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगाया जाएगा। इसके साथ ही ऑस्ट्रिया पूर्वी यूरोप का ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने अपने देश में कोरोना की रोकथाम के लिए फिर से पूर्ण लॉकडाउन की ओर कदम बढ़ाया है।
राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन शुरू में 10 दिनों तक चलेगा, फिर प्रभावों का आकलन किया जाएगा और यदि वायरस के मामले पर्याप्त रूप से कम नहीं हुए, तो इसे अधिकतम 20 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है। शालेनबर्ग ने कहा कि लॉकडाउन सोमवार से आरंभ होगा और दस दिन के लिए प्रभावी रहेगा।
इसमें छात्रों के लिए स्कूलों में प्रत्यक्ष कक्षाएं नहीं लगेंगी, रेस्टारेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रम पर भी रोक होगी। सरकारी प्रसारणकर्ता ओआरएफ की खबर के मुताबिक एक फरवरी से देश में टीकाकरण भी अनिवार्य कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा हम पांचवीं लहर नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कई तरह के प्रयासों और अभियानों के बावजूद कुछ ही लोगों ने टीकाकरण कराने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि देश में फरवरी में टीकाकरण अनिवार्य किये जाने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। यह बहुत दर्दनाक है।
उन्होंने कहा कि आने वाले हफ्तों में विवरण को अंतिम रूप दिया जाएगा, लेकिन जो लोग टीकाकरण से इनकार करते रहे, उन पर जुर्माना लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि ऑस्ट्रिया में कोरोना से अब तक 11,525 लोगों की मौत पिछले सात दिनों से देश में संक्रमण के प्रतिदिन 10,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। अस्पतालों में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है और इस महामारी से होने वाली मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। ऑस्ट्रिया में अब तक इस वायरस से 11,525 लोगों की मौत हो चुकी है।