नई दिल्ली: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (एनएसजी) के 37 वें स्थापना दिवस पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की है। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर उन्होंने कहा कि हमारे बहादुर एनएसजी कर्मियों को उनके 37 वें स्थापना दिवस पर बधाई। एनएसजी आतंकवाद के सभी पहलुओं से निपटने के लिए एक विश्व स्तरीय प्रशिक्षित बल है।
इस दुर्जेय बल ने अपने आदर्श वाक्य ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। देश को एनएसजी ब्लैक कैट पर गर्व है। वही केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मानेसर, गुरुग्राम में आयोजित राष्ट्रीय सुरक्षा गारद के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्हें गार्ड ऑफ आनर पेश किया गया। इस अवसर पर एनएसजी ने अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम में एनएसजी के महानिदेशक, अधिकारी और जवान भी शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में सबसे पहले देश की एकता और अखण्डता को बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले एनएसजी के 19 वीर शहीदों को नमन किया। उन्होने कहा कि यह एक ऐसी संस्था हैं, जिस पर पूरा देश गर्व करता है। हर चुनौती में देश के लिए जीने और मरने की ललक ने 37 साल के इतिहास में पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाया है।
उन्होने कहा कि गृह मंत्री के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था मज़बूत हुई है। फिलहाल न केवल देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन देखने को मिला है बल्कि उन्होंने देश के केंद्रीय सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता बढ़ाने व उनके आधुनिकीकरण के लिए हर संभव प्रयास और सहायता प्रदान की है।
उन्होंने आगे कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है कि एनएसजी आज विश्व के अत्यंत आधुनिक हथियारों एवं उपकरणों से सुसज्जित है और आपकी गिनती विश्व की जानी मानी काउंटर टेरर फोर्सेस में की जाती है। वह किसी भी प्रकार की चुनौतियों पर विजय प्राप्त करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने चुनौतियों का स्वरूप बदल गया है। आज हमें अत्याधुनिक ड्रोन हमलों, हवाई सुरक्षा और लोन वुल्फ जैसी घटनाओं के लिए तैयार रहना है। अगर हम इन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं तभी हम सुरक्षित रह सकते हैं। उन्हें विश्वास है हम तैयार भी हैं और सक्षम भी हैं।