महाराष्ट्र, मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के आने के बाद देश में लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई में दो दिनों को लिए धारा 144 लागू कर दी है।
आज और कल पूरे शहर में धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान रैलियों और प्रदर्शन पर भी पाबंदी रहेगी। राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए इस आदेश का पालन न करने पर भारतीय दंड संहिता आईपीसी की धारा 188 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कल राज्य में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के कुल 7 नए मामले सामने आए हैं, इनमें से 3 मामले मुंबई से है और 4 पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम क्षेत्र से बताए जा रहे हैं।
अब राज्य में कुल 17 मामले हो गए हैं। पुणे में, साढ़े तीन साल के बच्चे सहित चार नए मरीज भारतीय मूल की नाइजीरियाई महिला के करीबी संपर्क रहे हैं, जिन्हें पिछले रविवार को ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया था। गौरतलब है कि ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए मामलों में 4 लोगों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका था, जबकि एक शख्स ने वैक्सीन की एक ही डोज ली थी और एक को टीका नहीं लगाया गया है।
इसके अलावा पॉजिटिव पाया गया बच्चा टीका के लिए योग्य नहीं है। वहीं दूसरी ओर बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए मुंबई, पुणे और नागपुर में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निगरानी को और तेज कर दिया गया है, जिसमें कुल 61,439 यात्रियों में से उच्च जोखिम वाले देशों से 9,678 यात्री आए हैं।






