क्रूज का आनंद लेने के लिए यमुना तैयार
नई दिल्ली : केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री (एमओपीएसडब्ल्यू) सर्वानंद सोनोवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यमुना बोट पर्यटन और फेरी अवसंरचना विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में निवासियों और आगंतुकों के लिए यमुना नदी पर मनोरंजक बोट क्रूज और फेरी सेवाएं शुरू करना है। सोनिया विहार और जगतपुर के बीच वज़ीराबाद बैराज के ऊपर स्थित इस परियोजना से एक नया हरित पर्यटन अनुभव प्रदान करने और पर्यावरण-अनुकूल नदी यात्रा के माध्यम से कनेक्टिविटी बढ़ाने की उम्मीद है। इस पहल को 20 करोड़ की अनुमानित लागत से विकसित किया जा रहा है। राष्ट्रीय जलमार्ग 110 के रूप में अधिसूचित यमुना नदी, दिल्ली के जगतपुर से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक 1,080 किलोमीटर तक फैली हुई है। अंतर्देशीय जल परिवहन और कम दूरी के शहरी पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत मंत्रालय सोनिया विहार और जगतपुर के बीच 6-7 किलोमीटर के राउंड-ट्रिप कॉरिडोर पर सुविधाएँ विकसित कर रहा है। जमीनी प्रगति की समीक्षा के बाद सोनोवाल ने कहा कि यह पहल टिकाऊ और आधुनिक जलमार्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में दशकों की उपेक्षा के बाद भारत के जलमार्गों में परिवर्तनकारी पुनरुत्थान हुआ है। सोनोवाल ने कहा यमुना पर पर्यावरण-अनुकूल क्रूज पर्यटन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो स्वच्छ, हरित और अधिक कुशल जल परिवहन का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे दिल्ली के मध्य में कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यान्वयन में सहयोग के लिए, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने दिल्ली सरकार के प्रमुख विभागों, जिनमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) शामिल हैं, के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के चार किलोमीटर लंबे हिस्से में क्रूज पर्यटन को विकसित करने पर केंद्रित है। यह कॉरिडोर पर्यावरण-अनुकूल क्रूज़ संचालन के केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जो 30 से 40 यात्रियों को समायोजित करने वाली इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड नौकाओं द्वारा संचालित होगा। इन नौकाओं में लाइफ जैकेट और सार्वजनिक घोषणा प्रणाली सहित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होंगे। आईडब्ल्यूएआई ने सोनिया विहार में 50-50 यात्रियों की क्षमता वाले दो फ्लोटिंग जेटी पहले ही स्थापित कर दिए हैं। पार्किंग, बुनियादी सुविधाएँ और मनोरंजन स्थल जैसी अतिरिक्त तटीय सुविधाएँ भी उपलब्ध कराने की योजना है।
पीएम ने असम आंदोलन के वीरों को किया नमन
पीएम ने असम आंदोलन के वीरों को किया नमन नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहीद दिवस के अवसर...
Read more






