गिरते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित
बिहार, पटना : बिहार में ठंड के साथ कोहरे का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन घने कोहरे और गिरते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के कई जिलों के लिए घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 17.2 से 24.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया। पूर्वी और दक्षिणी बिहार के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान 6.4 से 13.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर के सबौर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले शामिल हैं। विभाग के मुताबिक राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, इस दौरान कोहरे और शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालय शीतकालीन अवकाश के...
Read more





