अफगानिस्तान, काबुल : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हथियारबंद बंदूकधारियों द्वारा गुरुद्वारे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर सामने आ रही है। इस घटना में कम से कम 25 लोगों के हताहत होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि बंदूकधारियों ने अचानक गुरुद्वारे पर धावा बोला और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। कुछ लोग जान बचाने के लिए इमारत की दूसरी तरफ छिप गए। वहीं कम से कम 25 लोग गुरुद्वारा के अंदर फंस गए हैं। परिसर के अंदर दो विस्फोट हुए और गुरुद्वारा से सटी कुछ दुकानों में आग लग गई।
माना जा रहा है कि कम से कम 2 हमलावर गुरुद्वारा परिसर के अंदर हैं और तालिबानी लड़ाके उन्हें जिंदा पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। काबुल गुरुद्वारे पर हमला करने वाले बंदूकधारी संभवत: तालिबान के प्रतिद्वंद्वी दाएश समूह के हैं। गुरुद्वारा क्षतिग्रस्त हो गया है और चार सिख लापता हैं। पंजाब के राज्यसभा सांसद विक्रम साहनी ने इसकी जानकारी दी। पिछले अक्तूबर में तालिबान के सत्ता में आने के कुछ महीने बाद अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुद्वारा करते परवन पर धावा बोल दिया था और संपत्ति में तोड़फोड़ की थी। तब से अफगान सिख भारत को बचाए जाने की अपील कर रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम काबुल में एक पवित्र गुरुद्वारे पर हमले को लेकर बहुत चिंतित हैं। हम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और आगे की घटनाओं के बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।