मणिपुर, कामजोंग : मणिपुर के कामजोंग जिले में आज सुबह संदिग्ध हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार घायलों की पहचान शरकाफंग गांव के निवासी रिंग्युई रामरोर (22) और रायचन लुंगलेन्ग (34) के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोलियां लगी हैं और उन्हें इलाज के लिए उखुरुल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये दोनों घायल व्यक्ति तांगखुल नागा समुदाय से हैं।अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया कि गोलीबारी पड़ोसी उखुरुल जिले के मोंगकोट चेपु इलाके से होने का संदेह है, जो शरकाफंग से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित है। यह क्षेत्र उखुरुल के लिटन सरैखोंग के पास है, जहां फरवरी में कुकी और तांगखुल नागा समूहों के बीच झड़पें हुई थीं। उस समय हुई हिंसा में 30 से अधिक घरों को जला दिया गया था, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं। इस ताजा घटना के बीच तांगखुल नागा फुटहिल्स ऑर्गेनाइजेशन’ की केंद्रीय कार्यकारी समिति ने स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन ने आरोप लगाया कि इस गोलीबारी में सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस समझौते के तहत सक्रिय कुकी उग्रवादी शामिल थे। संगठन का यह भी कहना है कि सुरक्षा बलों की अपर्याप्त तैनाती के कारण कई संवेदनशील इलाके असुरक्षित हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने और शरकाफंग व नजदीकी थोयी गांव में पर्याप्त राज्य बलों को तैनात करने की मांग की है।
उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम
उत्तराखंड, देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। चिलचिलाती धूप के बीच पहाड़ों में...
Read more






