असम, गुवाहाटी : गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) चुनाव-2022 के लिए आज हुए मतदान में कुल 52.80 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं मिली है। हालांकि कई स्थानों पर राजनीतिक दलों ने एक दूसरे पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप लगाया।
गौरतलब है कि मतदान सुबह 7.30 बजे शुरू हुआ और आज देर शाम तक चला। नौ साल के अंतराल के बाद मतदान आज सुबह तेज गति से शुरू हुआ और लोग अपने नए पार्षदों को चुनने के लिए मतदान केंद्रों के सामने कतार में खड़े देखे गए। इस चुनाव में 57 वार्डों में कुल 197 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि तीन वार्डों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। यह पहला मौका है जब जीएमसी के तहत सभी वार्डों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कुल 7,96,829 पात्र मतदाता अपने मताधिकार के लिए पंजीकृत रहे, जिनमें 3,96,891 पुरुष, 3,99,911 महिलाएं और 27 थर्ड जेंडर शामिल हैं। मतगणना 24 अप्रैल को मनीराम देवान ट्रेड सेंटर में होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। मालूम हो कि राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी घरों में पाइप से पानी और अन्य सभी बुनियादी नागरिक सुविधाओं के साथ बाढ़ मुक्त और अपराध मुक्त महानगर का वादा किया था।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने महानगर भर में कई रैलियों को संबोधित करते हुए भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया, जबकि दिसपुर में भाजपा गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष और कृषि मंत्री अतुल बोरा ने अभियान को संचालित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने अपने प्रचार अभियान में राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी का नेतृत्व किया। आम आदमी पार्टी (आप) ने मतदाताओं को लुभाने के लिए दिल्ली की विधायक आतिशी मारना को उतारा, जबकि असम जातीय परिषद (एजेपी) के प्रमुख लुरिनज्योति गोगोई ने पार्टी के अभियान का नेतृत्व किया।