ठंड ने दिखाना शुरू कर दिया है अपना असर
उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम अब बदलने लगा है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी ऐसी ठंड नहीं पड़ी है कि लोग ठिठुरने लगें, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की सिहरन और कोहरे ने मौसम में ठंडक घोल दी है। वहीं दिन में खिली हुई धूप लोगों को राहत दे रही है। माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तीन से चार दिनों तक राज्य का माैसम ऐसा ही रहने वाला है। कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अगर पछुआ हवाओं का रुख ऐसे ही बना रहा तो आगामी सप्ताह से ठंड का असर और तेज महसूस होगा। बाराबंकी, कानपुर शहर, प्रयागराज, बरेली, आगरा और सोनभद्र समेत प्रदेश के दस से अधिक जिलों में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास दर्ज किया गया। पश्चिमोत्तर दिशा से चल रही पछुआ हवाओं ने रातों को और ठंडा बना दिया है। सुबह के समय कोहरे की पतली चादर ने दृश्यता को भी कुछ क्षेत्रों में प्रभावित किया। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार तराई और पूर्वांचल के जिलों में सुबह के समय कोहरा और बढ़ेगा, जबकि दिन में धूप की मौजूदगी बनी रहेगी। विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और पहाड़ों में हुए हिमपात की वजह से अगले तीन दिन तक आगरा समेत पूरे मंडल में तापमान में गिरावट का अनुमान जारी किया है। विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार न्यूनतम पारा सामान्य से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे बना रह सकता है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.6 जबकि न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे रहा। विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही सुबह के समय धुंध और कोहरा रह सकता है।
यौन उत्पीड़न के दोषी को 20 साल की सजा
यौन उत्पीड़न के दोषी को 20 साल की सजा उत्तर प्रदेश, मुजफ्फरनगर : जानसठ क्षेत्र के गांव में चार साल...
Read more




