तड़के महसूस किए गए भूकंप के झटके
असम, गुवाहाटी : असम और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आज तड़के रिक्टर पैमाने पर 5.1 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। यह भूकंप सुबह 4.17 बजे आया, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप का केंद्र असम के मोरीगांव जिले के निकट दर्ज किया गया है। भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से लगभग 50 किलोमीटर की गहराई में था। एनसीएस ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स के माध्यम से दी। मालूम हो कि भूकंप के झटके मोरीगांव सहित मध्य असम के कई इलाकों में महसूस किए गए। ठंड और घने कोहरे के बीच झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र कोपिली फॉल्ट लाइन क्षेत्र में स्थित है, जहां पूर्व में भी कई बार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि असम सहित पूरा पूर्वोत्तर भारत देश के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में शामिल है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल किसी आपात स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालय शीतकालीन अवकाश के...
Read more





