असम गुवाहाटी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) चुनाव-2022 के घोषित नतीजे में 57 में से 49 वार्डों में जीत हासिल की। भाजपा पहले ही वार्ड 5, 6 और 22 में निर्विरोध जीत चुकी है। इसके साथ ही भाजपा ने कुल 60 वार्ड में से 52 पर कब्जा जमा लिया है।
जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद (अगप) ने 6 सीटें जीती हैं। वहीं पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी (आप) और असम जातीय परिषद (एजेपी) ने 1-1 वार्ड में जीत दर्ज कर अपना खाता खोला है। सबसे बुरी दुर्गति कांग्रेस की हुई है और उसका पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया है। पार्टी के एक भी उम्मीदवार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में नाकाम रहे हैं।
गौरतलब है कि जीएमसी चुनाव की मतगणना महानगर के बेतकुची स्थित मणिराम देवान ट्रेड सेंटर के केंद्रीय कक्ष में आज सुबह 7.30 बजे से शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलट की गणना की गई और फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को खोला गया। मतगणना को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी और चप्पे-चप्पे पर पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था।
उल्लेखनीय है कि चुनाव नौ साल के अंतराल के बाद हो रहा है और पहली बार ईवीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है। 57 वार्डों में कुल 197 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे, जबकि तीन वार्डों में भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इस चुनाव के लिए कुल 757 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 80 मतदान केंद्र केवल महिला मतदान अधिकारियों द्वारा संचालित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने गुवाहाटी नगर निगम जीएमसी चुनाव 2022 में मिली सफलता पर अपनी खुशी व्यक्त की और कहा कि गुवाहाटी के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विश्वास की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों को जीएमसी चुनावों में 58/60 वार्डों की ऐतिहासिक जीत देने के लिए वे गुवाहाटी के लोगों के सामने अपना सिर झुकाते हैं।
इस विशाल जनादेश के साथ, लोगों ने हमारी विकास यात्रा पर अपने विश्वास की पुष्टि की है। हम उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेहतर काम कर रहे हैं और प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए हम उन्हें आभार व्यक्त करते हैं। यह उनके ही आश्चर्यजनक दृष्टिकोण और पूर्वोत्तर में मजबूत विकास पहल का परिणाम है। गुवाहाटी के लोग उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।