मध्य प्रदेश, भोपाल : भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) 13 से 15 अगस्त तक तीन प्रकार की तिरंगा यात्रा निकालेगा। सितंबर में आकांक्षा अभियान में युवाओं के सुझाव लेकर पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएं जाएंगे। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि तीन तरह की तिरंगा यात्रा 13 से 15 अगस्त तक निकाली जाएगी। इसमें डोर टू डोर अभियान चलाया जाएगा।
पंचायत स्तर पर बाइक रैली निकाली जाएगी। मंडल स्तर पर बाइक रैली और राष्ट्रवादी चिंतन का प्रचार प्रसार किया जाएगा। इन तीनों ही कार्यक्रम में तिरंगा प्रमुख रहेगा। सूर्या ने बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत 9 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रदेश में कार्यक्रम होंगे। वहीं, सितंबर माह में आकांक्षा संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इसमें पंचायत, मंडल से लेकर गांवों में युवाओं के बीच जाकर उनके सुझाव लिए जाएंगे। जिसे वरिष्ठ नेतृत्व को पार्टी के आगामी चुनाव से पहले जारी होने वाले घोषणापत्र में शामिल करने के लिए सौंपा जाएगा।