शीतलहर से जनजीवन बेहाल
उत्तर प्रदेश, हाथरस : उत्तर प्रदेश हाथरस जिले में सुबह से ही गलन भरी सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं हैं। 6 जनवरी को आधी रात के बाद से ही छाया कोहरा 7 जनवरी की सुबह तक बना रहा, जिससे दृश्यता काफी कम रही। दिन भर लोगों की कंपकंपी छूटती रही। सर्दी से निजात पाने के लिए वे हीटर, ब्लाेअर और अलाव का सहारा लेते नजर आए। 7 जनवरी को दिन चढ़ने के बावजूद सूरज के दर्शन नहीं हो सके। पूरे दिन घने बादल छाए रहे, जिससे गलन बनी रही। ठंडी हवाओं के चलते लोग गर्म कपड़ों में भी ठिठुरते नजर आए। 6 जनवरी की अपेक्षा अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान बुधवार को भी पांच डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे सुबह-शाम सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया गया। मौसम के इस मिजाज का असर जनजीवन के साथ-साथ बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। गलन के कारण लोग घरों से निकलने से बचते नजर आए। प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की संख्या बेहद कम रही। दुकानदार दिनभर ग्राहकों की राह देखते रहे। शाम होते-होते ठंड और बढ़ गई, जिससे बाजार जल्दी बंद होने लगे। चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सुुबह से ही अलाव सुलगते नजर आए। कृषि वैज्ञानिक डाॅ. बलवीर सिंह ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और गलन से राहत मिलने के आसार कम हैं और कोहरे का असर भी बना रह सकता है।
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल
शीतकालीन अवकाश के बाद पुनः खुल गए स्कूल उत्तर प्रदेश, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालय शीतकालीन अवकाश के...
Read more





