जम्मू कश्मीर, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पंपोर इलाके में पुलिस सब इंस्पेक्टर की आतंकियों ने गोलियों मारकर हत्या कर दी। उनका शव गोलियों से छलनी मिला है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। सब-इंस्पेक्टर फारूक अहमद मीर पर हमला कल देर शाम को पंपोर इलाके के संबूरा में हुआ। फारूक आह मीर का शव उनके घर के पास धान के खेतों में मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह कल शाम को अपने धान के खेतों में काम करने के लिए घर से निकले थे। इसी बीच आतंकियों ने उन्हें गोली मारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मीर सीटीसी लेथपोरा में आईआरपी 23वीं बटालियन में तैनात थे। कुछ दिन पहले आतंकियों ने राजस्थान निवासी बैंक अधिकारी की दफ्तर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले हिंदू शिक्षक रजनी बाला भी आतंकियों के गोली का निशाना बनी थी। सांबा की मूल निवासी महिला शिक्षक रजनी बाला की घात लगाए आतंकियों ने स्कूल के भीतर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस महीने आतंकियों ने कश्मीरी पंडित समेत दो हिंदू कर्मचारियों की हत्या कर दी। मई में दहशतगर्दों ने सात लोगों की लक्षित हत्याएं की हैं।
घटना के बाद कश्मीर से लेकर जम्मू तक जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन हुए हैं। आतंकियों ने 12 मई को बडगाम जिले के चाडूरा तहसील कार्यालय में घुसकर कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट की हत्या कर दी थी। इस महीने हुई सात लक्षित हत्याओं में तीन पुलिसकर्मियों और चार नागरिकों की जान ले ली गई।






