गुवाहाटी, 10 मई। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि सरकार का पहला कदम राज्य में कोविड-19 स्थिति को नियंत्रित करना होगा। महामारी को आगे प्रसारित होने से रोकने के लिए हम सभी संभव उपाय करेंगे। महानगर के पंजाबाड़ी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में शपथ लेने के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि नवगठित मंत्रिमंडल की पहली कैबिनेट कल आयोजित की जाएगी।
बैठक में राज्य की कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। स्थिति बेहद गंभीर है। दैनिक मामलों की संख्या 5000 के पार पहुंच गई है। इसकी रोकथाम के लिए क्या व्यवस्था की जाए इस पर कल चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य राज्य को कोविड-19 महामारी और बाढ़ से मुक्त बनाना होगा। कल से ही राज्य के विकास के लिए नई कैबिनेट अपना काम शुरू करेगी।
हम अकेले नहीं बल्कि सामूहिक रूप से काम करेंगे। उन्होंने अल्फा (आई) के प्रमुख परेश बरुआ से शांति वार्ता के लिए आगे आने का भी आग्रह किया। उन्हें उम्मीद है कि हम अगले पांच वर्षों में भूमिगत विद्रोहियों को मुख्यधारा में लाने में कामयाब होंगे। राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस पर सरकार का रुख स्पष्ट है कि सीमावर्ती जिलों में 20 प्रतिशत नामों और अन्य इलाकों में 10 प्रतिशत नामों का पुन: सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नवगठित सरकार चुनाव से पहले लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी, जिसमें लव जिहाद एवं लैंड जिहाद के खिलाफ कानून लाने की बात भी शामिल है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार चर्चा के माध्यम से अगले पांच वर्षों में राज्य की अनसुलझे समस्याओं को हल करने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य को देश के सर्वश्रेष्ठ में पांच राज्यों के स्थान पर लाना है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता को प्रो-एक्टिव सरकार मिलेगी।