एयर एम्बुलेंस की ढाका में आपातकालीन लैंडिंग

सबटाइटल: अगरतला से कोलकाता जा रही एयर एम्बुलेंस का उड़ान के दौरान खुला दरवाजा, ढाका में करानी पड़ी आपातकालीन लैंडिंग; मरीज की मौत, चालक दल समेत अन्य छह लोग सुरक्षित।

त्रिपुरा, अगरतला : अगरतला से कोलकाता जा रहे एक एयर एम्बुलेंस को उड़ान के दौरान दरवाजा खुलने के बाद ढाका के हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। इस विमान में एक मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे।

​अगरतला एमबीबी हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार मरीज की पहचान अजना भौमिक के रूप में हुई है, जिन्हें ढाका के कुर्मीटोला जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित इस एयर एम्बुलेंस में मरीज के अलावा एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट और दो पायलट सवार थे। मरीज के साथ डॉ. फिरोज खान, पैरामेडिक अजीम खान, और अटेंडेंट शांता भौमिक व दीप ज्योति मिश्रा मौजूद थे। विमान को कैप्टन पुण्य अनूप उड़ा रहे थे और कैप्टन तनुज शर्मा सह-पायलट थे।

​शुरुआती जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान का दरवाजा खुलने के कारण पायलटों को यह आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। गनीमत यह रही कि विमान में सवार सभी पायलट और मरीज के साथ आए अन्य लोग सुरक्षित हैं।

Exit mobile version