टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: अमेरिका से हो रहा था शूटर्स का संचालन

पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा, अमेरिका से शूटर्स को निर्देश देने का दावा; तीन आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच जारी।

नई दिल्ली/मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में कोटा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठा अनिल पंडित इन तीनों शूटर्स को निर्देश दे रहा था। सबसे हैरानी की बात यह है कि जब आरोपी मुंबई में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलीबारी कर रहे थे, उस दौरान भी अनिल पंडित फोन पर लगातार उनके संपर्क में था। यह गिरोह आम कॉल्स या व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने के बजाय बातचीत के लिए एक गुप्त ‘जंगई ऐप’ का इस्तेमाल कर रहा था। गिरफ्तारी के डर से आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद अपने मोबाइल फोन और सिम कार्ड नष्ट कर दिए थे।

​पुलिस ने बताया है कि अनिल पंडित हरियाणा और दिल्ली में जबरन वसूली के एक दर्जन से अधिक मामलों में शामिल है। दिल्ली पुलिस अभी भी एक मशहूर पंजाबी गायक पर जिम के बाहर गोली चलाने जैसी विभिन्न घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि हरियाणा के पानीपत जिले का रहने वाला अनिल पंडित अमेरिका से अपना आपराधिक नेटवर्क चला रहा है। टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले के आरोप में कोटा पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से दो हरियाणा के और एक बिहार का रहने वाला है।

​पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे पिछले पूरे एक महीने से मुंबई में ही रह रहे थे और अलग-अलग होटलों में ठहरे हुए थे। अनिल पंडित ऑनलाइन माध्यम से उनके रोजाना के 5,000 से 10,000 रुपये तक के होटल बिल चुका रहा था। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी करने के बाद आरोपी बाइक से अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे, वहां से लोकल ट्रेन पकड़कर दो-तीन स्टेशन आगे उतरे और फिर ऑनलाइन टैक्सी बुक करके सूरत चले गए। इसके बाद उन्होंने रात करीब 1:30 बजे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस पकड़ी और जयपुर के लिए रवाना हो गए, लेकिन रास्ते में ही कोटा पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

​दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय शूटर्स का डेटा खंगाल रही है और इस गिरोह के साथ उनके संबंधों की भी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की विभिन्न पहलुओं से गहराई से जांच करने के लिए करीब 10 टीमों का गठन किया गया है। जांच दल उस सोशल मीडिया पोस्ट की भी बारीकी से जांच कर रहा है, जिसमें अनिल पंडित ने इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी दी थी। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में दर्ज कई गोलीबारी और रंगदारी के मामलों में अनिल पंडित की संदिग्ध भूमिका की भी जांच की जा रही है। इससे पहले, दिल्ली के पश्चिम विहार में गायक गुरु रंधावा पर जिम के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के समय भी अनिल पंडित का नाम सामने आया था, और यह आपराधिक नेटवर्क दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में सक्रिय शूटर्स से जुड़ने के लिए विशेष मैसेजिंग ऐप का इस्तेमाल करता रहा है।

Exit mobile version