असम, गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी 1 सितंबर से असम पुलिस में 15000 नई भर्तियां करने का फैसला किया गया।
राज्य के पुलिस बल को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए एक पुलिस आयोग का गठन करने का निर्णय लिया गया। इतना ही नहीं असम पुलिस में 5 नई बटालियन भी खड़ी की जाएगी। कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय खेल और राष्ट्रमंडल खेल में पदक जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 10000 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी।
इसके लिए ढाई सौ खिलाड़ियों की एक सूची भी तैयार कर ली गई है। राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने निर्णय लिया कि ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियन खेलो में पदक जीतने वालों को नौकरी दी जाएगी।
कैबिनेट ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पासपोर्ट विभाग को गृह विभाग के अंतर्गत लाया गया है। इसके अलावा बैठक में सार्वजनिक प्रतिष्ठान विभाग को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग को जनसंयोग विभाग में शामिल करने का फैसला लिया गया।