महाराष्ट्र, मुंबई : महाराष्ट्र के ठाणे में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां 30 लोगों पर एक 14 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप लगा है। पीड़ित के परिवार वालों की शिकायत पर मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में रेप, अपहरण और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इस बारे में ताजा जानकारी यह सामने आ रही है कि पीड़ित के साथ 8 महीने पहले नाबालिग प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपी ने रेप का वीडियो भी बना लिया था। इस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों ने पीड़ित को ब्लैकमेल कर प्रताड़ित किया है। घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना डोंबिवली के भोपर इलाके की है।
नाबालिग के साथ 30 लोगों ने अलग-अलग समय और अलग-अलग जगहों पर सामूहिक दुष्कर्म किया है। लड़की को जनवरी से 22 सितंबर तक प्रताड़ित किया गया। इससे तंग आकर पीड़ित ने बीती रात मानपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में डोम्बिवली, बदलापुर, रबाले और मुरबाद से आरोपियों को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार किए गए कई आरोपी विभिन्न राजनीतिक दलों से भी जुड़े हुए हैं।
इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (रेप), 376 (एन), 376 (3), 376 (डी) (ए) और पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गईं हैं। ऐसी ही एक वारदात तकरीबन 20 दिन पहले महाराष्ट्र के पुणे में भी हुई थी। यहां सड़क किनारे खड़े होकर ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रही एक 14 साल की नाबालिग को कुछ लोग अपने साथ उठा ले गए थे और पांच अलग-अलग जगह ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था। हालांकि, बाद में पुणे पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को अरेस्ट किया था, इसमें 11 ऑटो ड्राइवर और दो रेलवे के कर्मचारी भी शामिल थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक पीड़िता का दोस्त भी शामिल था।