जम्मू कश्मीर श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में जारी आतंकी हमलों और लक्षित हत्याओं की दहशत के बावजूद पर्यटक घाटी पहुंच रहे हैं। मई माह में आतंकियों ने सात लक्षित हत्याओं को अंजाम दिया। इसके विरोध में आक्रोश भड़का। जगह-जगह प्रदर्शन हुए। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग भी सहम गए। लगा सीमा पार से रची गई साजिश कश्मीर के स्वर्णिम दौर को आगे नहीं बढ़ने देगी, लेकिन इन आशंकाओं पर पर्यटको का जोश देखने को मिला। सुरक्षा की दृष्टि से इस साल के सबसे चुनौतीपूर्ण मई माह में रिकॉर्ड 3.75 लाख पर्यटको ने धरती की जन्नत पहुंचे। रोजाना औसतन 5,000 से अधिक पर्यटक कश्मीर पहुंच रहे हैं। वर्ष 2021 में यह आंकड़ा 1800 था।
पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष हम सभी रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर हैं। बीते पांच माह में ही 10 लाख पर्यटक घाटी आ चुके हैं। 2021 में पूरे वर्ष 6.61 लाख पर्यटकों ने घाटी का दौरा किया था। इस साल जनवरी माह में जब कोरोना की तीसरी लहर चरम पर थी, तब भी 60,000 पर्यटकों ने कश्मीर का दौरा किया। फरवरी में 1.05 लाख, मार्च में 1.8 लाख और अप्रैल में 2.6 लाख पर्यटक घाटी पहुंचे। मई में यह आंकड़ा 3.75 लाख पहुंच गया। अधिकारी ने बताया कि यह साल पर्यटन के लिहाज से अच्छा रहने की उम्मीद है।